सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख, घायलों का लिया हालचाल
धमाके की चपेट में आए लोगों को लोकनायक अस्पताल लगाया गया। इसमें कुछ मृत थे तो कई घायल थे। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों से मिलने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद पहुंचे।
दिल्ली धमाके के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जाँच में जुटी हैं। सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें। कृपया केवल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

जांच में जुटी FSL टीम
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट पर FSL अधिकारी मोहम्मद वाहिद ने कहा, ‘हम यहां जांच कर रहे हैं। सैंपल प्रयोगशाला में जाएंगे, उसके बाद ही पुष्टि होगी। जांच के बाद पता चलेगा।’
Red Fort Explosion: जिस कार में हुआ धमाका, उसके मालिक की हुई पहचान
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए बम धमाके के मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। मामले की जांच कर रही गुरुग्राम पुलिस ने सलमान नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में सलमान ने दिल्ली के ओखला में एक व्यक्ति को गाड़ी बेचने की बात स्वीकार की है। सीआईए मानेसर प्रभारी ललित के नेतृत्व में जांच चल रही है। दिल्ली की स्पेशल सेल की टीम भी पहुंची हुई है।

