जयपुर | भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का आकस्मिक निधन हो गया। भड़ाना के निधन से भारतीय जनता पार्टी ने एक प्रखर और तेज तर्रार नेता खो दिया। वहीं गुर्जर समाज ने भी समाज का हीरा जो समाज के लिए हमेशा संघर्ष करता रहा है निधन होने से बड़ी क्षति हुई है।पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना के निधन पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि“भाजपा राजस्थान के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री हेमसिंह भडाणा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।भडाणा जी ने सदैव जनहित और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी। उनका निधन भाजपा परिवार और राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।”ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने भी पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि,,,“भाजपा राजस्थान के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमसिंह भडाणा जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।भडाणा जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन की मजबूती और राजस्थान के विकास को समर्पित रहा। उनका सरल व्यक्तित्व और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।उनका जाना न केवल भाजपा परिवार, बल्कि राजस्थान की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारजनों एवं समर्थकों को यह गहन दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी हेम सिंह भड़ाना के निधन पर शोक व्यक्त किया उन्होंने कहा कि,,,“भाजपा राजस्थान के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमसिंह भडाणा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।भडाणा जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनहित, संगठन की मजबूती और राजस्थान के विकास को सर्वोपरि रखा। उनका निधन भाजपा परिवार तथा प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है
नियमों को ताक पर रखकर किया सड़क निर्माण कार्य चालू, पूर्व का प्रशासन सही या वर्तमान अब यह है जांच का विषय, हो रहा है सरकारी पैसे का दुरुपयोग
न्यूज़ राजस्थान टाइम्स डिजिटल डेस्क ! रामवीर कसाना
पांचोली गांव में सड़क निर्माण को लेकर नियमों की अनदेखी के आरोप
दौसा। सड़क निर्माण कार्य में नियमों की खुली अनदेखी और सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पूरा मामला सिकराय उपखंड क्षेत्र के पांचोली गांव का है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण से पहले राजस्व विभाग की आवश्यक अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इससे पूरे निर्माण कार्य की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए न तो राजस्व रिकॉर्ड की विधिवत जांच की गई और न ही हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन किया गया। आरोप है कि उपखंड अधिकारी द्वारा मौके की आवश्यक जांच रिपोर्ट तैयार किए बिना और अंतिम स्वीकृति से पहले ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। नियमों के अनुसार भूमि की प्रकृति सरकारी या निजी होने की स्थिति स्पष्ट करना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।
पूर्व आपत्ति के बावजूद जारी रखा गया निर्माण
जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि पर पूर्व में भी आपत्ति दर्ज की जा चुकी थी। इसके बावजूद प्रशासन ने निर्माण कार्य को नहीं रोका। ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बिना ही योजना को स्वीकृति दे दी गई, जो नियमों के विरुद्ध है।
पुराना रास्ता चालू, फिर भी नया रास्ता बनाया जा रहा
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर पहले से रास्ता मौजूद है। यह रास्ता लगभग 25 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा बनवाया गया था और आज भी चालू है। इसके बावजूद प्रशासन ने खड़ी फसल को रौंदकर नए रास्ते का निर्माण शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई समझ से परे है और इसके पीछे भ्रष्टाचार की आशंका है।
खातेदारों ने लगाए गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप
खातेदार सीताराम गुर्जर और मुकेश गुर्जर ने प्रशासन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पटवारी अशोक कुमार की मौका रिपोर्ट और ऑनलाइन नक्शा ट्रेस के अनुसार उनकी भूमि का फ्रंट एरिया 208 मीटर दर्शाया गया है, जबकि मौके पर नापतोल में यह कम पाया गया।
खातेदारों का कहना है कि पूर्व से बना रास्ता भी उनकी निजी खातेदारी भूमि में आ रहा है। यह रास्ता करीब 150 मीटर तक मुकेश गुर्जर की खातेदारी भूमि में पहले से मौजूद है। रास्ते के दूसरी ओर खसरा नंबर 628 स्थित है, जो चरागाह भूमि बताई जा रही है।
सीमा ज्ञान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
पटवारी अशोक कुमार की रिपोर्ट के अनुसार खसरा नंबर 604 रिकॉर्ड में रास्ता दर्ज है, जिसकी चौड़ाई लगभग चार मीटर है। 8 नवंबर 2024 को हल्का पटवारी पांचोली, पीलोडी, करोड़ी और चांदेरा के पटवारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न खसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीमा ज्ञान में 12 से 16 मीटर तक का अंतर सामने आया।
इसके बाद संयुक्त टीम ने भू-प्रबंधन विभाग को सीमा ज्ञान के लिए पत्र लिखा। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या भू-प्रबंधन विभाग की टीम ने इस भूमि का सीमा ज्ञान किया या नहीं। खातेदारों का आरोप है कि बिना सीमा ज्ञान के ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण
खातेदारों का कहना है कि मानपुर-सिकराय रोड पर स्थित उनकी व्यावसायिक भूमि पर हाईकोर्ट का स्थगन आदेश भी है। इसके बावजूद खड़ी फसल के बीच नए रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर किस मजबूरी में प्रशासन ने यह कार्य शुरू कराया।
ग्राम पंचायत से उठे सवाल
खातेदार सीताराम गुर्जर ने बताया कि उनकी खातेदारी भूमि के पास लगभग 25 वर्ष पूर्व तत्कालीन सरपंच खैराती लाल बैरवा ने सीमा ज्ञान के बाद रास्ता बनवाया था। वर्ष 2014 में ग्राम पंचायत ने उसी रास्ते को ग्रेवल सड़क में बदला। इसके बाद 2022 में वर्तमान सरपंच गुलाब बैरवा ने इसी रास्ते का नवीनीकरण कराया, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि पुराना रास्ता गलत स्थान पर था तो वर्षों तक उस पर सरकारी पैसा क्यों खर्च किया गया। यदि रास्ता सही था, तो अब नए रास्ते के निर्माण की जरूरत क्यों पड़ी। ग्रामीणों ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बताया है।
पटवारी और सरपंच का पक्ष
जब इस मामले में पटवारी अशोक कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वे केवल अपने अधिकारियों के आदेशों की पालना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही और गलत का निर्णय अधिकारी ही करेंगे। सीमा ज्ञान को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
वहीं, वर्तमान सरपंच गुलाब बैरवा ने कहा कि यह विभागीय त्रुटियों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि संशोधन के लिए ग्रामीणों की ओर से एसडीएम कार्यालय में आवेदन किया गया है। हालांकि, संशोधन से पहले ही खड़ी फसल को नष्ट कर नए रास्ते का निर्माण शुरू करने को लेकर वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
मेहंदीपुर बालाजी पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
दौसा। शनिवार दोपहर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विश्वविख्यात आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी पहुंचीं। यहां उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।
मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हुए दर्शन
मंदिर ट्रस्ट के सिद्धपीठ महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने स्वयं मुख्यमंत्री की अगवानी की। इसके बाद मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयकारों के बीच मुख्यमंत्री ने बालाजी महाराज के दर्शन किए।
साथ ही उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर सोने के चोले का टीका लगाकर विशेष अनुष्ठान किया गया।
देश की सुख-समृद्धि की कामना
दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देश में शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इसके अलावा बालाजी महाराज को सवामणी का भोग भी अर्पित किया गया, जो धाम की प्रमुख धार्मिक परंपरा मानी जाती है।
भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के भी किए दर्शन
बालाजी महाराज के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के भी दर्शन किए। तीनों देवस्थानों में दर्शन कर उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा और विश्वास का अनुभव किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस रही अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दौसा और करौली जिले की पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।
भाजपा जिला अध्यक्ष को मंदिर परिसर से बाहर भेजने का मामला
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए दौसा भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला अपनी कार्यकारिणी के साथ मंदिर परिसर में मौजूद थीं। हालांकि इस दौरान मानपुर डीएसपी धर्मराज चौधरी ने उन्हें मंदिर परिसर से बाहर भेज दिया।
लक्ष्मी रेला ने बताया कि उनके पास अनुमति थी, इसके बावजूद उन्हें बाहर निकाला गया। वहीं, डीएसपी धर्मराज चौधरी ने स्पष्ट किया कि उन्हें समझाकर सीएम के स्वागत की व्यवस्था के लिए बाहर भेजा गया था। उन्होंने कहा कि किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।
महंत नरेशपुरी महाराज से की शिष्टाचार भेंट
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री महंत निवास पहुंचीं। यहां उन्होंने सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आध्यात्मिक, सामाजिक और धार्मिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
इस अवसर पर दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, करौली एसपी लोकेश सोनवाल सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दौसा – जिले में रिश्तों की मर्यादा तार-तार करने का मामला सामने आया. मां ने अपने गर्भ में जिस बेटे को नौ माह रखा, उसी पर मां से दुष्कर्म करने का गंभीर प्रकरण दर्ज हुआ है. यह मामला सिर्फ पुलिस रजिस्टर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र में चर्चा और हैरानी का विषय बन गया रामगढ़ पचवारा थाना प्रभारी मदन लाल ने बताया कि पीड़िता के दो बेटे हैं. बड़े बेटे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया. पुलिस टीम ने घटनास्थल पर परिस्थितियों की जांच की. कमरे की स्थिति, दरवाजों के लॉक, पीड़िता के बयान और संभावित डिजिटल साक्ष्य जांच में शामिल किए. पुलिस जांच में जुट गई है
पति ने दर्ज कराया केस
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता अपने कमरे में अकेली सो रही थी. तभी बड़ा बेटा कमरे में आया और दुष्कर्म कर भाग गया. मामले की जानकारी पीड़िता के पति को लगी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने तुरंत थाने जाकर अपने बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया
जांच में जुटी पुलिस – एसएचओ मदनलाल ने बताया कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी नशे में था. क्या पहले भी किसी तरह का विवाद या अप्राकृतिक व्यवहार देखा गया था. क्या परिवार में कोई अंदरूनी तनाव चल रहा था. जांच अधिकारी का कहना है कि हर पहलू की जांच होगी
दौसा जिले में जहां किसान यूरिया खाद की कमी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निजी खाद विक्रेताओं द्वारा मनमाने दाम वसूलने और कालाबाजारी करने की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसान एक-एक बोरी खाद के लिए रात-दिन भटक रहे हैं, जबकि कुछ व्यापारी यूरिया का स्टॉक कर इसे दोगुने–तीन गुने दामों पर बेच रहे हैं।
सिकंदरा एवं आसपास के क्षेत्रों में भी इसी तरह की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने के बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन छापे की भनक लगने के कारण संबंधित गोदाम पहले ही खाली कर दिया गया था।
मनमाने रेट पर यूरिया बेचते दुकानदार
रविवार शाम को सिकंदरा कस्बे की खाद-बीज की दुकानों पर कृषि विभाग ने निरीक्षण किया। टीम के सामने कई दुकानदार सरकारी तय दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचते मिले। इससे जुड़ी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
कृषि अधिकारी ओमप्रकाश बैरवा ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को उचित दर पर खाद दिलवाया और स्पष्ट संदेश दिया कि— “यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत लेता है, तो तुरंत शिकायत करें।”
न्यूज़ राजस्थान टाइम्स ने किया खुलासा – 270 रुपये का कट्टा 350 रुपये तक बेचा जा रहा था
ग्रामीणों की बार-बार शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी लंबे समय से कार्रवाई नहीं कर रहे थे।
न्यूज़ राजस्थान टाइम्स द्वारा मामले को उठाने के बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहाँ ग्रामीणों की शिकायतें सही पाई गईं। दुकानदार यूरिया खाद 270 रुपये का कट्टा 330–350 रुपये तक बेच रहे थे, साथ ही खाद के साथ अन्य उत्पाद भी जबरदस्ती थोपे जा रहे थे।
अब बड़ा सवाल यह है— क्या विभाग इन कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा?
कृषि अधिकारी ओमप्रकाश बैरवा का बयान
“ग्रामीणों एवं मीडिया के माध्यम से सिकंदरा क्षेत्र में चल रही कालाबाजारी की जानकारी मिली। शिकायत पर मौके पर पहुंचकर पाया कि दुकानदार मनमर्जी रेट वसूल रहे थे और अन्य प्रोडक्ट भी जबरन बेचे जा रहे थे। कई ग्रामीणों को उचित रेट पर यूरिया उपलब्ध करवाया। पूरे प्रकरण की सूचना उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” – ओमप्रकाश बैरवा, कृषि अधिकारी
दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड के भांवता गांव में शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय छात्र महेश योगी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महेश, जो कक्षा 12 का छात्र था, गुरुवार सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों के पास महेश का शव देखा और तुरंत कोलवा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मामला हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से जुड़ा है।
उधर, ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि छात्र की रहस्यमयी मौत कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जिनका जवाब पुलिस को जल्द देना चाहिए।
कोलवा थाना पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
बांदीकुई (रामवीर कसाना)। नगर में मंगलवार को आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण मीटिंग (SIR) के दौरान बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा और भाजपा नेता वेद प्रकाश पटेल का जोरदार स्वागत किया गया। जैसे ही दोनों नेता बैठक में भाग लेने पहुंचे, स्थानीय कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें PWD तिराहे पर माला और साफा पहनाकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम स्थल पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच लोगों ने दोनों का स्वागत किया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया और “विधायक डॉ. कैलाश वर्मा जिंदाबाद” तथा “वेद प्रकाश पटेल जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह प्रभाकर, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष लोकेश गुढ़ा, भाजपा शहर नगर उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, राजकुमार शर्मा, कुलदीप माल, बबलू चेची, अनूप गुर्जर, यादराम, सुनील माल और रामकिशोर सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक कैलाश वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में निरंतर काम कर रही है और जनता को पारदर्शी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वेद प्रकाश पटेल ने भी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा परिवार की एकजुटता ही संगठन को मजबूत बनाती है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
पूरे दिन बांदीकुई में इस अभिनंदन समारोह को लेकर उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
CGST विभाग ने मेहंदीपुर बालाजी स्थित होटल में टैक्स चोरी के आरोप में छापा मारकर सभी लेन-देन के रिकॉर्ड जब्त कर लिए न्यूज राजस्थान टाइम्स ( आर एस कसाना ) दौसा – जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी में मंगलवार को सेंट्रल जीएसटी (CGST) विभाग की टीम ने एक होटल में कार्रवाई की. विभाग की टीम ने होटल पहुंचकर वहां के सभी लेन-देन और बिलिंग रिकॉर्ड जब्त कर लिए. इस कार्रवाई से पूरे होटल व्यवसाय में हड़कंप मच गया सीजीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सीताराम मीना ने बताया कि उनके नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. टीम ने होटल की जीएसटी रजिस्ट्रेशन डिटेल, बुकिंग रिकॉर्ड, बिल एंट्री और टैक्स पेमेंट से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की. बताया जा रहा है कि विभाग को होटल में जीएसटी चोरी और टैक्स में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह छापा मारा गया टीम ने होटल में मौजूद कंप्यूटर सिस्टम, कैश बुक और ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग से जुड़े डेटा की भी जांच की. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल ने कितनी बुकिंग्स पर टैक्स रिटर्न दाखिल नहीं किए या फर्जी बिल जारी किए हैं. विभाग ने होटल के प्रबंधन से कई दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. मीना ने बताया कि शिकायत के आधार पर होटल पर छापा मारा गया है. होटल के सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है. गड़बड़ी पाई जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
होटल व्यवसायियों में मचा हड़कंप -मेहंदीपुर बालाजी में हर दिन हजारों श्रद्धालु देशभर से दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इसी वजह से यहां होटल व्यवसाय तेजी से फल-फूल रहा है, लेकिन टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद अब CGST विभाग की निगाहें स्थानीय होटल उद्योग पर टिकी हैं. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अनियमितता पाई गई, तो भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद इलाके के कई होटल संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल है
दौसा ( रामवीर कसाना ) : जिले के मेहंदीपुर बालाजी के पास शुक्रवार रात में बड़ा हादसा हो गया. खेड़ापहाड़पुर के समीप नेशनल हाईवे 21 पर तेज रफ्तार लोडिंग टेंपो ने रॉन्ग साइड में सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलटने से पहले ही हाईवे पर घूम गई और जयपुर की दिशा से जा रही कार भरतपुर की ओर मुड़ गई. वहीं, टेंपो डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. टेंपो में मूंगफली भरी हुई थी, जो हादसे के बाद हाईवे पर बिखर गई
पुलिस से मिलि जानकारी के अनुसार, हादसे में कार सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायलों की पहचान मालती देवी (48) पत्नी केदार प्रसाद और कंचन कुमारी (27) पत्नी कपिल देव कुमार के रूप में हुई है. दोनों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सिकराय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी. कार सवार केदार प्रसाद ने बताया कि वो अपने परिवार के साथ झारखंड से कार द्वारा जयपुर जा रहे थे. इस दौरान खेड़ापहाडपुर के समीप गलत साइड से आ रहे टेंपो ने कार को टक्कर मार दी
आपकी आवाज़, भरोसे के साथ
डिवाइडर पर चढ़कर पलटा लोडिंग टेंपो: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेंपो चालक हाईवे पर रॉन्ग साइड से तेजी से आ रहा था. अचानक सामने से आ रही कार को देखते हुए उसने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर को टाला नहीं जा सका. टक्कर लगते ही टेंपो डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया. घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया
हाईवे पर लगी वाहनों की कतार, एयर बैग से बची कार सवारों की जान: हादसे की सूचना मिलते ही मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हेड कांस्टेबल कुलदीप चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया और कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया. वहीं, कार के एयर बैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया और कार सवारों की जान बच गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करवाया, लेकिन इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. ड्यूटी अधिकारी कुलदीप चौधरी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने फरार टेंपो चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुटी है
दौसा l राजस्थान के दौसा जिले की एक साधारण सी बेटी ने असाधारण कमाल कर दिखाया है. पीचूपाड़ा कला गांव की मोनिका गुर्जर ने शूटिंग बॉल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा और राजस्थान शूटिंग बॉल संघ की जूनियर महिला टीम में जगह पक्की कर ली. यह उनकी पहली ही प्रतियोगिता थी, लेकिन प्रदर्शन ऐसा रहा कि चयनकर्ता हैरान रह गए अब मोनिका राजस्थान टीम की कप्तान बनकर राष्ट्रीय स्तर पर उतरेंगी, जहां वे न सिर्फ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी बल्कि पूरे देश को अपनी काबिलियत दिखाएंगी. राजस्थान की बेटियां हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं और मोनिका का यह कारनामा दौसा के लिए गर्व का विषय बन गया है
चयन शिविर में चमकी तारों सी चमक: 30 अक्टूबर को सीकर के सांवलपुरा में राजस्थान शूटिंग बॉल संघ के टीम चयन शिविर में मोनिका ने कमाल कर दिया. तेज रफ्तार गेंदें फेंककर और सटीक निशाने लगाकर उन्होंने सबको प्रभावित किया. संघ के संयुक्त सचिव सुनील बैंसला ने खुद बताया कि मोनिका का खेल इतना शानदार था कि उन्हें जूनियर वर्ग की महिला टीम में तुरंत जगह मिल गई
जिला शूटिंग बॉल संघ दौसा की इस उभरती सितारे का चयन होते ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. खिलाड़ी भाईयों और पदाधिकारियों ने जमकर बधाई दी. आज ही जयपुर जंक्शन से राजस्थान की पूरी महिला टीम रवाना हो चुकी है
सादगी भरा सफर, बड़ा सपना:
मोनिका एक बहुत ही साधारण परिवार से है. उनके पिता सुशील खटाणा पीचूपाड़ा कला में रहते हैं और प्राइवेट नौकरी करते हैं. मां अंगूरी देवी घर संभालती हैं, जो मोनिका की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं. पढ़ाई के मामले में भी मोनिका पीछे नहीं हैं. वे हरियाणा के एक निजी कॉलेज से बीएसटीसी का पहला वर्ष कर रही हैं. प्राथमिक शिक्षा उन्होंने दौसा जिले के सिकंदरा स्थित निजी स्कूल से हासिल की, जहां से ही खेलों के प्रति उनका जुनून जागा. शूटिंग बॉल में कदम रखते ही पहली कोशिश में राष्ट्रीय चयन मिल गया. सुनील बैंसला ने कहा कि मोनिका जैसी प्रतिभाएं राजस्थान के खेल जगत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी
गाजियाबाद में होगा मुकाबला:
अब सारी निगाहें 44वीं जूनियर राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप पर हैं. यह मुकाबला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 7 से 9 नवंबर तक होगा. दौसा और पूरे प्रदेश में लोग दुआ कर रहे हैं कि मोनिका मेडल जीतकर लौटें