Breaking News
अनुपम अपार्टमेंट में बढ़ती समस्याएँ, बिना पूरा काम हुए दे दिया गया था पजेशन — आवासन मंडल पर उठ रहे सवाल

जयपुर। प्रताप नगर सेक्टर–26 में हाल ही में निर्मित अनुपम अपार्टमेंट में रहने वाले निवासियों की परेशानियाँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्थिति यह है कि अपार्टमेंट का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हुए बिना ही निवासियों को पज़ेशन दे दिए गए, जिसके बाद से लोग कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

अपार्टमेंट में लिफ्ट की बार-बार खराबी, ब्लॉकों के बीच खतरनाक खाली जगह, पानी की अनियमित आपूर्ति, अधूरा पड़ा मेंटेनेंस कार्य, चोरी की घटनाएँ, तथा साफ–सफाई की बेहद खराब स्थिति जैसी समस्याएँ लगातार बनी हुई हैं। निवासियों का कहना है कि इन समस्याओं की सूचना राजस्थान आवासन मंडल को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

स्थानीय समाजसेवी एवं कसाना ब्रदर्स एंटरटेनमेंट के संस्थापक राजेंद्र गुर्जर ने बताया कि अपार्टमेंट का निर्माण अधूरा होने के बावजूद लोगों को पज़ेशन दे दिया गया, जिससे आज निवासी दिक्कतों के बीच रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा—

“अनुपम अपार्टमेंट का निर्माण अधूरा है और मूलभूत सुविधाएँ भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। विभाग को बिना संपूर्ण कार्य पूर्ण किए पज़ेशन नहीं देना चाहिए था। आज निवासियों को लिफ्ट, पानी, साफ–सफाई और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।”

निवासियों का कहना है कि

  • लिफ्ट की खराबी से बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
  • ब्लॉकों के बीच बड़ा गैप लगातार दुर्घटना का खतरा पैदा कर रहा है।
  • पानी की अनियमित सप्लाई से दिनभर की दिनचर्या प्रभावित होती है।
  • मेंटेनेंस कार्य अधूरा है और कई जगहों पर निर्माण की कमियाँ साफ दिखाई देती हैं।
  • चोरी की घटनाएँ बढ़ने से असुरक्षा का वातावरण है।
  • और साफ–सफाई की कमजोर व्यवस्था स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है।

निवासियों ने आवासन मंडल से मांग की है कि वह तुरंत प्रभाव से निर्माण की कमियों को दूर करे और सभी सुविधाएँ पूर्ण रूप से उपलब्ध कराए, ताकि लोग सुरक्षित और सहज वातावरण में रह सकें।

प्रेपहब लाइब्रेरी में फ़ाउंडर डायरेक्टर डॉ. उदित डालोरा का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

जयपुर। प्रेपहब लाइब्रेरी में रविवार को फ़ाउंडर डायरेक्टर डॉ. उदित डालोरा का जन्मदिन उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। लाइब्रेरी स्टाफ, स्टूडेंट्स और मेंबर्स ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

डॉ. उदित डालोरा ने प्रेपहब लाइब्रेरी को शहर के प्रमुख अध्ययन केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में लाइब्रेरी लगातार छात्रों को बेहतर अध्ययन वातावरण, संसाधन और सहयोग प्रदान कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना की।
प्रेपहब टीम ने भी उनके मार्गदर्शन और प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

न्यूज़ राजस्थान टाइम्स की ओर से डॉ. उदित डालोरा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ।

दौसा (बांदीकुई) – बड़ी खबर: भांवता गांव में 17 वर्षीय छात्र का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप


रिपोर्ट – न्यूज़ राजस्थान टाइम्स (आर.एस. कसाना)

दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड के भांवता गांव में शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय छात्र महेश योगी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महेश, जो कक्षा 12 का छात्र था, गुरुवार सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों के पास महेश का शव देखा और तुरंत कोलवा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मामला हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से जुड़ा है।

उधर, ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि छात्र की रहस्यमयी मौत कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जिनका जवाब पुलिस को जल्द देना चाहिए।

कोलवा थाना पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।