अंता उपचुनाव में अंतिम दिन कांग्रेस ने दिखाई ताकत, प्रमोद भैया का ऐतिहासिक रोड शो
बारां। अंता उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन रविवार को कांग्रेस ने अपनी शक्ति का भव्य प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में निकले ऐतिहासिक रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया एक ही जीप में सवार होकर रोड शो में शामिल हुए। तीनों नेताओं का संयुक्त रूप से निकला यह रोड शो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
गोविंद सिंह डोटासरा का जोशीला और सजीव अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आया। रास्ते भर कार्यकर्ताओं और जनता ने नेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जयकारों और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
यह विशाल रोड शो नेशनल हाईवे-27 से होते हुए क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से गुज़रा। जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। रोड शो का समापन चालू मंडी प्रांगण में हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन का संकल्प लिया।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर उतर आए। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा बारां जिला कांग्रेस के रंग में रंगा दिखाई दिया। जनता का उत्साह और कांग्रेस नेताओं की एकजुटता ने अंता उपचुनाव में पार्टी की मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।

